Bhajan भजन

बताओ सखि !, कैसे धरूँ मैं धीर

Krishna श्री कृष्ण
Lyrics बोल

बताओ सखि !, कैसे धरूँ मैं धीर।
जो रातें पल सम मधु बातें, करत बीत गइँ वीर ।
वे अब पल पल कटत न मानो, द्रुपद सुता की चीर।
जिन अँखियन जल नेकहुँ आवत, पिय रह होत अधीर।
तिन अँखियन सों सदा एकरस, बहत रहत अब नीर।
जिनते होत पलकहूँ न्यारे, उठत रही उर पीर ।
सुनति कृपालु कहानी उनकी, थे कोउ श्याम शरीर।।

भावार्थ- ( एक विरहिणी प्रियतम श्यामसुन्दर के वियोग में अपनी अन्तरंग सखी से कहती है । ) अरी सखि ! तू ही बता कि मैं धैर्य किस प्रकार से धरूँ । अरी सखी ! प्रियतम श्यामसुन्दर के साथ मधुर मधुर बातें करते हुए जो रातें उस समय एक क्षण के समान व्यतीत हो जाया करती थीं , उन्हीं रात्रियों का आज एक - एक पल भी काटे नहीं कटता । वह रात द्रौपदी के चीर के समान बढ़ती ही जाती है । मेरी जिन आँखों में थोड़ा सा भी आँसू देखकर प्रियतम व्याकुल हो जाया करते थे , उन्हीं आँखों से अब निरन्तर एक - तार आँसू बहते रहते हैं । जिन श्यामसुन्दर से एक क्षण के लिए भी पृथक होने पर मेरे हृदय में असह्य पीड़ा हुआ करती थी , कृपालु कहते हैं कि आज उन्हीं श्यामसुन्दर की कहानी मात्र सुना करती हूँ कि ब्रज में कभी कोई श्यामसुन्दर थे।

पुस्तक : प्रेम रस मदिरा, विरह माधुरी
पृष्ठ संख्या : 407
कीर्तन /पद संख्या : 123

Watch & Listen सुनें और देखें